मवई थाने की बाबाबाजर चौकी क्षेत्र में शनिवार की रात बाइक सवार दो लुटेराें ने एक युवक की बाइक छीन ली और पिटाई करने के बाद पास उससे 10 हजार रुपये भी छीन कर भाग निकले। भुक्तभोगी युवक की सूचना पर पहुंची डायल-100 और सीओ ने लुटेरों का सुराग लगाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली।
ग्राम रामपुर जनक निवासी मंशाराम पुत्र विश्राम शनिवार की रात करीब साढ़े 10 बजे बाइक से उमापुर से अपने घर वापस जा रहा था। युवक जब हरचनपुर से आगे बढ़ा तो रास्ते में खड़े बाइक सवार दो युवकों ने मंशाराम की बाइक रोक लिया और रुपये छीनने लगे।
जब युवक ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसकी जमकर पिटाई की और मोबाइल, 10 हजार रुपये छीन लिए और उसकी बाइक लेकर भाग निकले। गांव पहुंच कर भुक्तभोेगी ने डायल-100 को सूचना दी।
सेट पर लूट की सूचना प्रसारित होते ही मौके पर पहुंच सीओ रुदौली संतोष कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाबाबाजार चौकी प्रभारी सुनील परिहार ने बताया कि भुक्तभोगी के बाइक की नंबर प्लेट उसी के घर पर मिली है और वह खुद शराब के नशे में धुत था। पीड़ित ने मवई थाने पहुंच कर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।