महराजगंज थानाक्षेत्र स्थित पड़ेलवा-मया बाजार मार्ग पर बुधवार की सुबह बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने एक सराफा कारोबारी को तमंचा दिखा जेवरात लूट लिया। तीन थानों की सीमा पर हुई इस वारदात की जानकारी पर तीनों थानों की पुलिस तथा एसपी देहात व स्वॉट टीम मौके पर पहुंच गई और फरार बदमाशों की तलाश में कांबिंग के साथ मौका-मुआयना हुआ। हालांकि पुलिस को बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला।
थाना क्षेत्र के मेदनीपुर गांव का राज कुमार सोनी पुत्र रामविशुन गांव से थोड़ी दूर स्थित किसान नगर बाजार में सराफा की दुकान करता है। रोज की तरह बुधवार की सुबह वह घर से अपनी मोपेड लेकर दुकान पर जा रहा था।
इसी बीच गांव से थोड़ी दूर पर पड़ेलवा-मया बाजार मार्ग पर मोटर साइकिल सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने तमंचा दिखाकर ओवरटेक कर उसकी मोपेड रुकवा ली और सराफा कारोबारी को तमंचा लगा दिया। कारोबारी का झोला छीन लिया और नेव कबीरपुर की ओर भाग निकले।
बदमाशों के फरार हो जाने पर पीड़ित सराफा कारोबारी ने शोर मचाया और मामले की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। पुलिस कंट्रोल रुम को सूचना पर सक्रिय महराजगंज समेत गोसाईगंज व तारुन थाना पुलिस सीमा क्षेत्र में हुई वारदात के मद्देनजर मौके पर पहुंच गई। इसी बीच एसपी देहात कुलदीप नारायण तथा स्वॉट टीम भी मौके पर पहुंच पड़ताल में जुट गई।
तीनों थानों की पुलिस ने फरार बदमाशों की तलाश में कांबिंग शुरू की, लेकिन पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली। बदमाशों के नकाबपोश होने के चलते आशंका जताई जा रही है कि बदमाश स्थानीय रहे होगें। पीड़ित सराफा कारोबारी राज कुमार सोनी का कहना है कि झोले में पायल, बिछुवा, अंगूठी, कील, झुमकी आदि लगभग 75 हजार रुपये से ज्यादा के गहने रहे।
थानाध्यक्ष नीरज राय ने बताया कि सराफा कारोबारी राज कुमार सोनी की शिकायत पर बाइक सवार दो युवकों के खिलाफ लूट की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम के साथ पीड़ित कारोबारी को लुटेरों की निशानदेही तथा तलाश में भेजा गया है।