मां कामाख्या भवानी का दर्शन कर बाइक से घर लौट रहे दंपती से बाइक सवार लुटेरों ने असलहा के बल पर नकदी व जेवर लूट लिए और भाग निकले। मौके पर पहुंची कुमारगंज पुलिस व यूपी-100 टीम ने बदमाशों की तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला।
घटना शुक्रवार अपराह्न करीब दो बजे की है। कोतवाली बीकापुर के मझौली रामदास पुर निवासी डब्लू सिंह सुबह अपनी पत्नी के साथ फैजाबाद में मां कामाख्या भवानी का दर्शन कर घर लौट रहे थे।
कुमारगंज में इटौंजा गांव के पास बने पुल पर जैसे ही बाइक सवार दंपती पहुंचे तभी बीसापुर तिराहे की ओर से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने दंपती की बाइक रुकवा ली।
बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने डब्लू सिंह की कनपटी पर तमंचा लगा दिया और जेब में रखा मोबाइल, एक हजार की नकदी व उनकी पत्नी के सोने-चांदी के गहने छीनकर इटौजा गांव की ओर भाग निकले।
कुमारगंज एसओ राजेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। बदमाशों की तलाश करवाई जा रही है। पीड़ित ने पुलिस को घटना की तहरीर दी है।