पटरंगा थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार को एक युवक ने किशोरी को गन्ने के खेत में खींचकर रेप का प्रयास किया। विरोध करने पर जमकर पिटाई भी कर दी। किशोरी के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने खेत की घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
इस बीच आरोपी के परिवारीजन भी लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों में विवाद होने लगा तभी पुलिस पहुंच गई। मगर पुलिस के सामने ही आरोपी भाग गया। 24 घंटे बीतने पर भी पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की है। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के चलते गांव में तनाव है।
पटरंगा के एक गांव निवासी 15 वर्षीय किशोरी सोेमवार सुबह नित्यक्रिया के लिए घर से निकली थी। तभी गांव निवासी एक युवक ने घर से कुछ दूरी पर किशोरी को मुंह दबाकर दबोच लिया और गन्ने के खेत में घसीटकर दुराचार का प्रयास किया।
किशोरी के शोर मचाने पर युवक ने उसे जमकर पीटा और कपड़े फाड़ दिए। इस बीच शोर सुनकर ग्रामीण दौड़े तो युवक ने उसे छोड़ दिया। पिटाई से लहूलुहान किशोरी ने किसी तरह घर पहुंचकर परिवारीजनों को आपबीती सुनाई।
इस पर परिवारीजनों ने ग्रामीणों के साथ गन्ने के खेत से आरोपी युवक को पकड़ लिया। इस बीच आरोपी के परिवारीजन भी लाठी-डंडे से लैस होकर मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। तभी मौका पाकर वह फिर भागकर खेत में छिप गया।
इस बीच पुलिस भी ग्रामीणों के साथ आरोपी को गन्ने के खेत में तलाशने लगी मगर सभी के सामने वो निकलकर भाग गया। पीछा करने पर भी पुलिसकर्मी उसे पकड़ नहीं सके। किशोरी के भाई ने पटरंगा थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। मगर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने के बजाय पुलिस मामला रफादफा करने मेें जुटी है।