अयोध्या कोतवाली क्षेत्र में एक मुकदमे के गवाह को अगवा किये जाने का मामला प्रकाश में आया है। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है। कोतवाली क्षेत्र के सिया बिहारीसरन चेला जानकी जीवन सरन का कहना है कि वह रामजन्मभूमि थाना क्षेत्र स्थित रामकोट लालसाहब दरबार के निवासी हैं।
मंदिर को लेकर विवाद के चलते कोतवाली क्षेत्र के काशी मंदिर रामघाट में रह रहे हैं। मुकदमे में राम बिलास दास बतौर गवाह दर्ज हैं, जिनकी गवाही होनी है। इसके पूर्व ही गोंडा जिले के पलिया हजारी टोला निवासी रामजी यादव ने अपने साथियों के साथ राम बिलास दास को गायब कर दिया।
इस बाबत रामजी से पूछताछ की गई तो उसने साथियों संग मारापीटा और गालीगलौज करते हुए जान से मार डालने की धमकी दी। शिकायत पुलिस को दी गई है। बुधवार को अयोध्या कोतवाल राजेश कुमार ने बताया कि सिया बिहारीसरन की शिकायत पर गोंडा निवासी रामजी यादव समेत चार के खिलाफ अपहरण, मारपीट, गालीगलौज व धमकी का केस दर्ज किया गया है। जांच कराई जा रही है।