पड़ोसी दंपती ने घर में लगाई आग
अयोध्या। सिविल लाइंस इलाके के अड़गड़ा मोहल्ले में शुक्रवार रात एक मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग में घर का सारा सामान, जेवर आदि जल गए।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने करीब घंटे भर की मशक्कत से आग पर काबू पाया। पीड़ित ने पड़ोसी दंपती पर घर में आग लगाने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अड़गड़ा मोहल्ला में रहने वाली भानुमति गुप्त ने बताया कि शुक्रवार को वह अपने पौत्र के बहू भोज में सदर बाजार गई थीं। देर रात एक बजे पड़ोसियों ने घर में आग लगने की सूचना दी।
जब तक वह घर पहुंचीं तब तक टीवी, फ्रिज, बिस्तर, आलमारी, कपड़े, सोने-चांदी के जेवर समेत घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। भानुमति के मुताबिक अग्निकांड में उनका करीब पांच लाख रुपये कीमत का सामान जल गया।
मौके पर पहुंचे फायरब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। भानुमति ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका पड़ोस में रहने वाले मीनू घोष व उनकी पत्नी से कुछ दिन पूर्व विवाद हुआ था।
इस पर दोनों ने गालियां देते हुए उनके घर में आग लगाने की धमकी दी थी, जिसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी थी। भानुमति का आरोप है कि शुक्रवार रात इन्हीं लोगों ने उनके घर में आग लगाई है, जिसे मोहल्ले के लोगों ने देखा भी है।
नगर कोतवाल विनोद बाबू मिश्र ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मीनू घोष व उसकी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।