शक्ति प्रदर्शन करते छात्रनेता व साथियों पर कार्रवाई
फैजाबाद। जेल से रिहा होकर लाव-लश्कर के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए जिले में प्रवेश करने पर छात्रनेता शिवेंद्र सिंह व साथियों पर शांतिभंग के तहत कार्रवाई की गई है।
छात्रनेता शिवेंद्र सिंह के सीतापुर जेल से रिहा होने के बाद जनपद आगमन पर शहर की सीमा से ही युवाओं का हुजूम रहा। गाड़ियों के काफिले से पूरे शहर में यातायात घंटों प्रभावित रहा।
यातायात सामान्य कराने में पुलिस को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान कैंट पुलिस ने छात्रनेता के करीबी व पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष आलोक सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ बाद छोड़ दिया गया।
जबकि वाहन का कागज न दिखा पाने पर एक वाहन सीज कर दिया गया है। कैंट थानाध्यक्ष रामकिशन राणा ने बताया कि जिले में धारा-144 लगी है। छात्रनेता ने जुलूस निकालकर इसका उल्लंघन किया है। इसके लिए छात्रनेता समेत साथियों पर कार्रवाई की गई है। जबकि एक वाहन का कागज न दिखा पाने की वजह से सीज किया गया है।