मिल्कीपुर। इनायतनगर थाने के बारुन बाजार में अयोध्या से परिक्रमा कर घर लौट रहे बाइक सवार तीन युवकों को अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसमें तीनों युवक बुरी तरह से घायल हो गए। घायलों में एक युवक की मौत अस्पताल ले जाते समय हो गई। दो का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे और अमेठी जा रहे थे।
शनिवार को अयोध्या में परिक्रमा करने के लिए अमेठी जिले के शुक्ल बाजार से बाइक से तीन युवक आए थे। रविवार की भोर परिक्रमा करने के बाद युवक अपने घर जा रहे थे, रास्ते में इनायतनगर थाना क्षेत्र के बारुन बाजार पुलिस चौकी के पास सुबह 3 बजे के करीब एक अज्ञात ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।
ट्रक की टक्कर बाइक सवार 25 वर्षीय राहुल पुत्र सूर्यकांत निवासी ग्राम मिरईगढ़ थाना शुकुल बाजार, 22 वर्षीय उमेश पुत्र हनुमान प्रसाद निवासी थाना व जिला अमेठी, 30 वर्षीय अंकित पुत्र रामरूप ग्राम मिरईगढ़ थाना शुक्ल बाजार बुरी तरह घायल हो गए।
इनमें से राहुल की जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस द्वारा परिजनों को सूचना दी गई, परिजन जिला अस्पताल पहुंच चुके हैं। थाना इनायतनगर के बारुन बाजार चौकी प्रभारी ने बताया कि घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।