दो दिवसीय पुलिस भर्ती परीक्षा आज से
फैजाबाद। उप्र पुलिस में सिपाहियों की भर्ती के लिए दो दिवसीय परीक्षा आज (बृहस्पतिवार) से शुरू होगी। 25 व 26 अक्तूबर को जिले के 26 केंद्र पर 47 हजार परीक्षार्थी इस लिखित परीक्षा में भाग लेंगे। इसको लेकर बुधवार को परीक्षा के नोडल अधिकारी एसपी ग्रामीण संजय कुमार ने पुलिस लाइंस सभागार में बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
परीक्षा के नोडल अधिकारी ने बताया कि पुलिस में सिपाहियों की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 25 अक्तूबर को एक पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक और 26 अक्तूबर को दो पालियों सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एवं अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। इसके लिए जिले में सीसीटीवी युक्त 26 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें प्रत्येक पाली में करीब 15 हजार व कुल 47 हजार परीक्षार्थी भाग लेंगे।
परीक्षा के दौरान सॉल्वर गैंग से निपटने के लिए खुफिया विभाग व सर्विलांस सेल को सतर्क किया गया है। छह सीओ, 16 थाना प्रभारी व 75 निरीक्षकों के निगरानी में परीक्षा होगी। कहा कि बुधवार की बैठक में परीक्षा की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मौके पर सीओ सिटी धनंजय कुशवाहा, सीओ सदर वीरेंद्र विक्रम, सीओ अयोध्या राजू साव, सीओ बीकापुर अरविंद चौरसिया, सीओ मिल्कीपुर रुचि गुप्ता समेत अन्य अधिकारी व मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।