बैंक का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास
अयोध्या। रौनाही थाना क्षेत्र के सोहावल पेट्रोल पंप के करीब रविवार रात एसबीआई बैंक की शाखा का शटर और चैनल का ताला तोड़कर चोर अंदर के घुस गए। लेकिन बैंक की तिजोरी का लॉक नहीं खोल पाए। इससे चोरी की बड़ी वारदात होने से बच गई। पुलिस छानबीन में जुटी है।
बताते हैं कि रविवार रात चोर बैंक के मेन गेट पर लगे शटर और चैनल का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद स्ट्रांग रूम में घुसकर बैंक की तिजोरी का लॉक तोड़ नगदी साफ करने का प्रयास किया। लेकिन तिजोरी का लॉक खोलने में चोर असफल रहे।
इस पर बैंक में लगे एटीएम रूम के शटर को तोड़कर अंदर घुसे और एटीएम मशीन खोलने का प्रयास किया। इसमें भी चोरों को सफलता नहीं मिली। सोमवार को जब कर्मचारी और अधिकारी बैंक में पहुंचे तो उन्हें घटना का पता चला।
इसकी सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया। तो पता चला कि बैंक के बाहर लगे तीनों सीसीटीवी कैमरों में रात की घटना कैद नहीं हो सकी।
बैंक शाखा के कार्यवाहक मैनेजर रोशन लाल का कहना है कि बैट्री में बैंकअप न होने की वजह से कैमरे काम नहीं कर रहे थे। बताया कि ताला टूटने के अलावा चोर और कोई नुकसान नहीं कर पाए हैं।
दोपहर बाद एसपी ग्रामीण संजय कुमार व सीओ सदर वीरेंद्र विक्रम ने फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया। आसपास के कुछ संदिग्धों को पकड़कर उनसे पूछताछ की।
फॉरेंसिक टीम द्वारा भी सबूत एकत्र किए गए। एसपी ग्रामीण ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।