महिला ने लगा ली आग, इलाज के दौरान मौत
-पूराकलंदर थाना क्षेत्र के इटौरा गांव का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
हनुमतनगर। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के इटौरा गांव की एक महिला ने मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी महिला को परिवारीजन जिला चिकित्सालय ले गए, जहां गंभीर हालत देख डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया जिसकी शनिवार को इलाज के दौरान लखनऊ में मौत हो गई।
परिवारीजनों के अनुसार इटौरा गांव निवासी सूर्य प्रकाश की पत्नी 28 वर्षीय पूजा शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे फोन पर बात कर रही थी। फोन कटने के बाद अचानक कमरे में जाकर मिट्टी का तेल डालकर अपने आपको आग के हवाले कर दिया। गुहार सुन परिवारीजन आग बुझाने का प्रयास करने लगे तब तक पूजा गंभीर रूप से झुलस गई। इस दौरान आग बुझाने का प्रयास कर रहे पति सूर्य प्रकाश भी झुलस गए। पूजा को परिवारीजन जिला चिकित्सालय ले गए, जहां उसे लखनऊ रेफर कर दिया। शनिवार शाम करीब चार बजे इलाज के दौरान पूजा मौत हो गयी। थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया की मामले की जानकारी नहीं है, कोई तहरीर नहीं मिली है।
बच्ची संग कुएं में कूद किया आत्महत्या का प्रयास : मवई थाना अंतर्गत ग्राम दलाई मऊ मायके में रह रही एक विवाहिता ने अपनी 6 माह की बच्ची के संग कुएं में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया।
गांव की 22 वर्षीय विवाहिता रूपा पत्नी सोनू अपने 6 माह की पुत्री सोनम को लेकर शनिवार भोर में करीब 4 बजे घर के बगल एक सूखे कुंए में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। परिजनों द्वारा जानकारी होने पर मां और बच्ची को सूखे कुएं से निकालकर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। विवाहिता के भाई रमेश ने बताया कि पुत्री होने के कारण ससुराल पक्ष आए दिन उसका उत्पीड़न किया करते हैं, जिसके चलते रूपा यहां अपने मायके में रह रही है। बीती रात पति से फोन पर कुछ वार्तालाप के बाद शनिवार उसने ऐसा कदम उठाया। बताया कि पुलिस से कोई शिकायत अभी नहीं की गई है। मवई पुलिस ने घटना की जानकारी होने से इनकार किया।