छोटी देवकाली मंदिर से चोरी मुकुट बरामद
अयोध्या। रामनगरी के पौराणिक छोटी देवकाली मंदिर से चोरी हुआ माता पार्वती का चांदी का मुकुट अयोध्या पुलिस ने बरामद कर एक आरोपी युवक को जेल भेज दिया है।
10 दिन पूर्व 17 फरवरी की रात्रि मंदिर में होने वाली महाआरती के बाद माता पार्वती का 200 ग्राम चांदी का मुकुट चोरों ने पार कर दिया। चोरी की तहरीर मंदिर के पुजारी द्वारा कोतवाली अयोध्या में दी गई थी जिसके बाद से पुलिस तलाश में जुटी थी।
कोतवाली प्रभारी जगदीश उपाध्याय ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक द्वारा माता देवकाली के मंदिर से चोरी किया गया मुकुट राजसदन के सामने स्थित एक सोनार की दुकान पर बेचने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी बीच उसे धर दबोचा गया, युवक ने चोरी की बात कुबूल की। उसकी पहचान इटियाथोक गोंडा निवासी अंकित शुक्ला के रूप में की गई है। एक तमंचा व दो कारतूस सहित चोरी का मुकुट बरामद किया गया है। चोरी एवं आर्म्स एक्ट की धारा में केस दर्ज कर जेल भेज दिया है।