अपराधियों पर कसें लगाम
फैजाबाद। नवागत कप्तान डॉ. मनोज कुमार ने पहली क्राइम बैठक में रविवार को मातहतों की जमकर क्लास ली। अपराध और अपराधियों पर लगाम लगाने के निर्देश दिए। रात तक चली बैठक में एसएसपी ने एफआईआर दर्ज करने में हीलाहवाली पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
जनपद में बढ़े महिला अपराधों पर गंभीरता दिखाते हुए उन्होंने शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करने के साथ आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही। जिले के कई थानों पर लंबित केसों की विवेचना पर नाराजगी जताते हुए एसएसपी ने इसे एक माह के अंदर पूरा करने का आदेश दिया। वहीं, सड़क सुरक्षा पर संजीदगी दिखाते हुए उन्होंने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों से कहा कि पहले वो खुद सीट बेल्ट व हेलमेट लगाए फिर दूसरों पर कार्रवाई करें। इस दौरान एसपी सिटी अनिल सिंह सिसौदिया, एसपी ग्रामीण संजय कुमार, सीओ सिटी अरविंद चौरसिया, सीओ अयोध्या राजू साव समेत जिले के सभी सर्किल के सीओ व थाना प्रभारी मौजूद रहे।