चेन झपटकर पिता-पुत्री व मासूम को बाइक से गिराया
अयोध्या। पूराकलंदर थाना क्षेत्र में अयोध्या-रायबरेली हाईवे पर शनिवार देर शाम पिता के साथ बाइक से जा रही युवती से बाइकर्स गैंग के बदमाशों ने चेन झपट ली।
भागते वक्त बदमाशों ने धक्का देकर युवती के पिता की बाइक गिरा दी। इससे बाइक सवार पिता-पुत्री व मासूम बच्चा घायल हो गया। पुलिस ने एक क्लीनिक पर तीनों का इलाज कराया।
मिल्कीपुर निवासी वेदप्रकाश तिवारी शनिवार को अपनी बेटी संगीता का फैजाबाद शहर से इलाज कराकर बाइक से घर लौट रहे थे। रानी बाजार के पास अपाचे बाइक सवार दो बदमाशों ने संगीता के गले से सोने की चेन झपट ली।
इसके साथ ही वेदप्रकाश को धक्का देकर उनकी बाइक गिरा दी। इससे वेदप्रकाश, संगीता और उसकी गोद में मौजूद छह माह का मासूम बच्चा गिरकर घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पूराकलंदर पुलिस ने पास के क्लीनिक पर तीनों का इलाज कराया। पूराकलंदर इंस्पेक्टर राहुल कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन की जाएगी।