कुमारगंज (अयोध्या)। थाना क्षेत्र कुमारगंज के जोरियम गांव निवासी धर्मेंद्र सिंह ने पुलिस को तहरीर देते हुए आरोप लगाया है कि उन्हें फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी देने वाले ने खुद को पूर्वांचल के बाहुबली हरिशंकर तिवारी का पीए बताया है।
धर्मेंद्र सिंह ने तहरीर के जरिए बताया है कि शुक्रवार की रात लगभग 11 बजे उसके मोबाइल नंबर 9415968341 पर एक अपरिचित नंबर 91-6005766935 से फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि पूर्वांचल के बाहुबली नेता हरिशंकर तिवारी का पीए बोल रहा हूं, तुम्हें जान प्यारी है कि नहीं... तुम और तुम्हारा परिवार जान से हाथ धोने वाला है। तब पीड़ित धर्मेंद्र ने अपने मोबाइल में कॉल रिकॉर्डिंग ऑन किया तो उस व्यक्ति ने कहा कि कॉल रिकॉर्डिंग कर रहे हो।
इतनी बातें करते हुए वह अपने अन्य सहयोगियों से बात करने लगा कि कप्तान, डीआईजी व एसटीएफ को बोलो, इनकी सारी डिटेल निकालें। कल इनका दिमाग ठीक कर देना है। इतनी बातें सुनने के बाद चंद्रशेखर आजाद इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह ने फोन पर मिली धमकी की जानकारी पहले एनडीए चौकी इंचार्ज संतोष मौर्या को फोन से दी।
पीड़ित प्रबंधक ने शनिवार को कुमारगंज थाने पहुंचकर शिकायती प्रार्थना पत्र दिया जिसके आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष वीर सिंह ने बताया कि प्रबंधक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है जल्द ही धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।