हनुमतनगर। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के दर्शननगर-गयासपुर मार्ग पर मोहतसिमपुर मजरे भोंदू का पुरवा गांव के पास सोमवार रात रंजिश को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। एक पक्ष से फायर होने की भी चर्चा है। जबकि पुलिस ने फायर से इंकार करते हुए दोनों पक्षों से पांच लोगों को शांतिभंग में चालान करके भेज दिया।
थाना क्षेत्र के मोदरा मजरे बाबा का पुरवा निवासी दीपू यादव पुत्र राम यज्ञ फैजाबाद शहर से घर जा रहे थे, जैसे ही दर्शननगर गयासपुर मार्ग पर भोंदू का पुरवा गांव के पास पहुंचे, कि रामपुर सरधा गांव निवासी संदीप यादव अपने कुछ साथियों के साथ पहुंच कर दीपू को रोक लिया।
पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। चर्चा है कि मारपीट के दौरान दो तीन फायर भी हुआ है। हल्ला गुहार पर ग्रामीण दौड़े तो एक पक्ष बाइक छोडक़र फरार हो गया। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने बाइक अपने कब्जे में ले लिया है। दोनों पक्ष एक दूसरे के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं, एक हफ्ते पूर्व भी मारपीट कर चुके हैं। पूराकलंदर थानाध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि फायर की चर्चा गलत है। पांच लोगों का शांति भंग में चालान कर दिया गया है।