मतगणना स्थल का निरीक्षण करते जिलाधिकारी व पर्यवेक्षक।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में गोसाईगंज व बीकापुर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना सबसे ज्यादा समय तक चलने की संभावना है। जिले के विधानसभा क्षेत्रों में वोटों की गिनती के लिए 24 से 29 राउंड तक की मतगणना होगी। जिले की अन्य तीन विधानसभा क्षेत्रों रुदौली, मिल्कीपुर व अयोध्या की अपेक्षा गोसाईगंज व बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के मतों की गिनती में ज्यादा समय लगेगा।
इसका कारण इन दोनोें विधानसभा क्षेत्रों में मतदेय स्थलों की संख्या ज्यादा है। इसके कारण मतदान के लिए इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों के मतों की गिनती में ज्यादा समय लगेगा। हालांकि इस बार अच्छा इतना है कि पिछले विधानसभा चुनाव की तरह किसी भी विधानसभा क्षेत्र में 16 से ज्यादा प्रत्याशी न होने के कारण बूथों पर दो बैलेट यूनिटें नहीं लगानी पड़ी।
इसीलिए मतगणना जल्दी पूरी होने की संभावना है। अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में 335 बूथों के लिए कुल 24 राउंड की गिनती चलेगी। बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के 366 बूथों की मतगणना 27 राउंड में होगी। इसा तरह मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के 361 बूथों पर पड़े वोटों की गणना 26 राउंड में होगी।
रुदौली के 339 बूथों की गणना 25 राउंड में और गोसाईंगंज विधानसभा क्षेत्र के 394 बूथों की मतगणना 29 राउंड में पूरी होगी। सहायक उप जिला निर्वाचन अधिकारी भी इसे स्वीकार करते हैं। उन्होंने बताया कि मतगणना में ईवीएम से गिनती जल्दी होती है।