बड़ागांव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने किसानों के सम्मान को बढ़ाने का कार्य किया है। इससे पहले केवल सांसद और विधायकों की ही निधि आती थी, लेकिन आज किसानों के सम्मान में उनकी भी निधि आती है। यह बातें जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ने शनिवार को मुन्ना सिंह चौहान की पांचवीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कही।
उन्होंने कहा कि डॉ. अमित सिंह चौहान अपने पिता की तरह ही क्षेत्र के किसानों के हित की लड़ाई लड़ रहे हैं और एक अच्छे उत्तराधिकारी के रूप में इस क्षेत्र के लिए आगे काम करेंगे। मौजूद कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि डॉक्टर होने के बावजूद अमित सिंह का राजनीति में आना यह दिखाता है कि इनके अंदर जुनून है, यह क्षेत्र का विकास करेंगे।
पूर्व सिंचाई मंत्री मुन्ना सिंह चौहान की पांचवी पुण्यतिथि चौधरी चरण सिंह इंटर कॉलेज में मनाई गई। अवसर पर श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने छह इंटर लॉकिंग सड़क, प्राथमिक विद्यालय गुलालपुर, पंचायत भवन महोली के नवीनीकरण और सामुदायिक शौचालय महादेवपुर महोली सहित कुल नौ कार्यों का लोकार्पण किया। जलशक्ति मंत्री ने मुन्ना सिंह चौहान स्मृति द्वार का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम में विधायक शोभा सिंह चौहान, विधायक इंद्रप्रताप तिवारी खब्बू, धनपतगंज ब्लॉक प्रमुख यशभद्र सिंह मोनू, शिवेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र, अवधेश पांडेय बादल, बृजमोहन दास, कृष्ण कुमार पांडेय खुन्नू आदि मौजूद रहे।