अयोध्या। विधानसभा चुनाव में मतदान कराने के लिए इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में बैलेट पेपर की सेटिंग का काम मंगलवार से शुरू हो गया। इसके लिए इंजीनियरों की एक टीम भी यहां पहुंची है।
विधानसभा चुनाव में मतदान के लिए ईवीएम मशीनों का दूसरा रेंडमाइजेशन कर लिया गया है। इसके बाद मशीनों को विधानसभा वार निर्वाचन विभाग के स्ट्रांग रूम में रख दिया गया था।
इसकी चाभियां कोषागार के डबल लॉक में कड़ी सुरक्षा के बीच रखी गईं थीं। ईवीएम मशीनों में बैलेट पेपर (चुनाव चिह्न) सेटिंग का कार्यक्रम मंगलवार को तय किया गया था।
इसके लिए निर्वाचन विभाग के मैदान में विधानसभा वार अलग-अलग पांडाल लगाए गए। सभी विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग अफसर यहां पहुंचे थे।
जिला प्रशासन के बड़े अफसरों की मौजूदगी में कोषागार के डबल लॉक से स्ट्रांग रूम की चाभियां लेने के बाद गिनती के साथ मशीनों को बाहर निकालने का काम शुरू हुआ।
निर्वाचन विभाग के मुताबिक इसकी तकनीकी जानकारी देने के लिए आयोग की ओर से इंजीनियरों की टीम भी यहां पहुंची है। निर्वाचन विभाग के मुताबिक मशीनों को निकालने के साथ ही बैलेट पेपर की सेटिंग मशीनों में शुरू कर दी गई है।
विधानसभा जितने प्रत्याशी हैं उनकी सेटिंग के साथ उन्हें अलग रखा जा रहा है। इस अवसर पर बड़े अफसरों के साथ उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित सिंह, सभी विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग अफसर और निर्वाचन विभाग के कर्मचारी मौजूद थे।