फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya Ram Mandir : सीएम योगी ने कहा, सदी का सबसे बड़ा उत्सव है, भव्य तैयारी करिए, अयोध्या में निमंत्रण...

Fri, 22 Dec 2023 08:17 AM IST
पंकज श्रीवास्‍तव अमर उजाला नेटवर्क, अयोध्या

सार

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा के दिन वही लोग अयोध्या में आ सकेंगे, जिनके पास निमंत्रण पत्र है। या जो सरकारी ड्यूटी पर तैनात हैं। इनके अलावा अन्य के आने पर रोकथाम की जाए। कुछ लोगों ने इस दिन के लिए होटल बुक करा लिए हैं। उसको निरस्त कराया जाए।
विज्ञापन
अयोध्या हनुमानगढ़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सीएम योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई और मंदिर निर्माण की प्रगति देखी। राममंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों से कहा कि मंदिर भव्य नजर आ रहा है। पूछा कि 31 दिसंबर तक सभी काम पूरे हो जाएंगे न..। फिर बोले- देखिए 22 जनवरी को सदी का सबसे बड़ा उत्सव होने जा रहा है, इसलिए भव्य तैयारी करिए। ये अद्भुत होना चाहिए, कहीं कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। सीएम ने 40 मिनट तक रामजन्मभूमि परिसर में दर्शन-पूजन और निर्माण कार्यों की प्रगति देखी।

विज्ञापन


इससे पहले सीएम योगी का हेलीकाॅप्टर 11:50 बजे रामकथा पार्क स्थित हैलीपैड पर उतरा। सीएम का काफिला सीधे हनुमानगढ़ी पहुंचा। हनुमानगढ़ी के प्रवेश द्वार पर मकड़ी का जाला लगा देख सीएम ने हनुमानगढ़ी के पुजारी राजूदास से कहा, साफ-सफाई का ध्यान रखा जाए। हनुमानगढ़ी में करीब 15 मिनट तक सीएम योगी ने पूजा-अर्चना की। दानपात्र में दान भी अर्पित किया। महंत धर्मदास से भी मुलाकात की। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र व मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल जी ने उन्हें मंदिर निर्माण की प्रगति से अवगत कराया। इस दौरान संघ के डॉ. कृष्ण गोपाल व रामलाल भी मौजूद रहे।

लोकार्पण के बाद जनसभा को भी संबोधित करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 दिसंबर को एयरपोर्ट का लोकार्पण करने के बाद यहीं पर जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसी के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को श्रीराम एयरपोर्ट और इसके पास स्थित जनसभा के लिए प्रस्तावित मैदान का निरीक्षण किया। एयरपोर्ट तक प्रधानमंत्री के जाने वाले रास्ते को भी देखा। एयरपोर्ट में पीएम मोदी किस रास्ते से प्रवेश करेंगे और किधर से निकलेंगे, इसे जानने के साथ यहां पर की जाने वाली व्यवस्थाओं के संबंध में प्रशासन और एयरपोर्ट के अधिकारियों को निर्देशित किया। बोले- प्रधानमंत्री के गुजरने वाले रास्तों और कार्यक्रम स्थलों पर साज-सजावट व सुरक्षा और अन्य इंतजामों में किसी प्रकार की कमी और चूक की गुंजाइश न रहे।
विज्ञापन


जिस वक्त सीएम योगी प्रस्तावित सभास्थल पर पहुंचे, वहां मैदान के समतलीकरण का काम चल रहा था। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पूछा कि जनसभा में किस तरफ से लोग आएंगे। किधर से बाहर निकलेंगे। उन्होंने हिदायत दी कि जनसभा में आने वालों को कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए। पर्याप्त संख्या में टॉयलेट के साथ शुद्ध पेयजल की व्यवस्था रहनी चाहिए।

सीएम के दौरे के बाद कमिश्नर गौरव दयाल ने बताया कि प्रधानमंत्री एयरपोर्ट का लोकार्पण करने के साथ अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर दो ट्रेनों को भी झंडी दिखाएंगे। डीएम नितीश कुमार ने बताया कि एयरपोर्ट लोकार्पण के साथ पहली उड़ान के लिए बिल्कुल तैयार है।

26 जनवरी से पूरे देश को रामलला के दर्शन का आमंत्रण: भैया जी

प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारी को लेकर संघ की बैठक रामकोट स्थित श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट कार्यालय पर हुई। करीब दो घंटे तक चली बैठक में समारोह में आने वाले अतिथियों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अतिथियों के स्वागत, भोजन, निवास, आवागमन के लिए कार्यकर्ताओं की टोली बनाकर जिम्मेदारियां बांटी गईं। बैठक के बाद संघ के पूर्व सह सर कार्यवाही भैया जी जोशी ने कहा कि 26 जनवरी से पूरे देश को रामलला के दर्शन का आमंत्रण है।

देश के सभी राज्यों से कार्यकर्ताओं को बुलाया जा रहा है। प्राण प्रतिष्ठा के बाद हर रोज लाखों भक्त आएंगे। उन्हें रिसीव करना, दर्शन-पूजन कराना, जलपान, भोजन आदि के लिए कार्यकर्ताओं को लगाया जा रहा है। भैया जी ने बैठक में कार्यकर्ताओं से कहा कि कारसेवा के दौरान कुछ इसी तरह का दृश्य था, लेकिन तब कठिन परिस्थितियां थीं। फिर भी जो सेवाभाव उस समय समाज के सहयोग से प्रदर्शित किया था, उसी तर्ज पर बल्कि उससे ऊपर उठकर श्रद्धालुओं की सेवा करनी है।

श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ़ अनिल मिश्र ने कहा कि अतिथि सुगमता पूर्वक अयोध्या पहुंचकर यहां दर्शन-पूजन कर सकें, इसको लेकर चिंतन-मनन किया जा रहा है। विभिन्न जिलों से अतिथि आएंगे, वे किस प्रकार अयोध्या आसानी से आ सकें, इसके लिए जिम्मेदारियां तय की गई हैं। संघ के पदाधिकारियों ने बाग बिजेसी जाकर टेंट सिटी के निर्माण कार्यों की प्रगति भी देखी। बैठक में संघ के सह कार्यवाह डॉ़ कृष्ण गोपाल, अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख रामलाल, श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, कोटेश्वर, गजेंद्र सिह, मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

सड़कों पर न दिखे धूल-गंदगी, 5000 सफाईकर्मी करें तैनात: योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को आयुक्त सभागार में अयोध्या विजन के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सड़कों पर उड़ती धूल पर नाराजगी जताई। कहा कि काम तेजी से निपटाएं। धूल-गंदगी नहीं दिखनी चाहिए। इसके लिए नगर निगम में मौजूदा समय में उपलब्ध तीन हजार सफाईकर्मियों की संख्या को बढ़ाकर पांच हजार कर दिया जाए।

नगर विकास विभाग 22 जनवरी के बाद अयोध्या में 100 बसों के संचालन की व्यवस्था करे। परिवहन विभाग की ओर से अयोध्या के लिए वॉल्वो बस सेवा शुरू की जाए। लखनऊ से अयोध्या के लिए हेलीकाप्टर सेवा भी शुरू कराई जाए। अयोध्या का डिजिटल टूरिस्ट मैप विकसित कराएं। इसमें यहां पर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं व प्रमुख स्थलों की जानकारी हो। सभी सूचनाएं भारतीय भाषाओं के साथ प्रभु श्रीराम से जुड़ने वाले प्रमुख देशों और संयुक्त राष्ट्र की भाषा में होनी चाहिए।

विश्वस्तरीय नगरी बनाने में कोई कसर न छोड़ें
योगी ने कहा कि रामपथ, भक्तिपथ, जन्मभूमिपथ, धर्मपथ व अयोध्या एयरपोर्ट से बाईपास व नयाघाट को जोड़ने वाले मार्ग से संबंधित कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा कराएं। जहां पर्याप्त चौड़ाई है उन स्थानों पर बैठने की व्यवस्था के साथ जनसुविधाएं विकसित की जाएं। रामपथ के फुटपाथ व मुख्य कैरेज-वे के बीच में आकर्षक रेलिंग लगाई जाए। तीनों पथों में ड्रेनेज के लिए बनाए गए मैनहोल का लेवल सही किया जाए। अयोध्या विजन की 37 विभागों की 178 परियोजनाओं के कार्य बेहतर समन्वय से करते हुए अयोध्या को विश्व स्तरीय पर्यटन नगरी बनाया जाए।

प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के रिहर्सल के रूप में हो सजावट
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 30 दिसंबर को आगमन के मद्देनजर एयरपोर्ट की तैयारियां की जाएं। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन के शेष कार्य एक सप्ताह में पूरा करा लें। प्रधानमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम में अयोध्या की सजावट व भव्यता श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के रिहर्सल के रूप में हो। हाईवे से नयाघाट की तरफ आ रहे धर्मपथ व एयरपोर्ट से नयाघाट मार्ग को फूलों से सजाया जाए। लखनऊ-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अयोध्या बाईपास की रेलिंग को आकर्षक रंगों से पेंट किया जाए। इसकी मीडियन में फूल व गमले रखे जाएं। प्रधानमंत्री की जनसभा में आसपास के जनपदों से करीब दो लाख लोगों के आने की संभावना के दृष्टिगत सभी तैयारियां की जाएं।

मुख्य सचिव ने अयोध्या के विकास का पेश किया ब्योरा
बैठक में मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने अयोध्या के विकास का विवरण प्रस्तुत किया। पुलिस महानिदेशक विजय कुमार ने सुरक्षा से जुड़े बिंदुओं की जानकारी दी। विशेष पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार, एडीजी पीयूष मोर्डिया व आईजी प्रवीण कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था का विवरण रखा। कमिश्नर गौरव दयाल, डीएम नितीश कुमार व एसएसपी राजकरन नैय्यर ने तैयारियों की रिपोर्ट दी।

ये रहे मौजूद
बैठक में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सांसद लल्लू सिंह, मेयर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक रामचंद्र यादव, वेद प्रकाश गुप्त, डाॅ.अमित सिंह चौहान, एमएलसी हरिओम पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल व संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव ऊर्जा, पीडब्ल्यूडी, सिंचाई, पर्यटन, परिवहन व आवास, केंद्र सरकार के डीजी सुरक्षा, नगर आयुक्त विशाल सिंह और सीडीओ अनिता यादव मौजूद रहीं।

अनधिकृत लोगों की होटल बुकिंग होगी निरस्त
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि प्राण प्रतिष्ठा के दिन वही लोग अयोध्या में आ सकेंगे, जिनके पास निमंत्रण पत्र है। या जो सरकारी ड्यूटी पर तैनात हैं। इनके अलावा अन्य के आने पर रोकथाम की जाए। कुछ लोगों ने इस दिन के लिए होटल बुक करा लिए हैं। उसको निरस्त कराया जाए। ट्रस्ट की ओर से आमंत्रित अतिथियों के ठहराने की व्यवस्था से अलग धर्मशाला व होटल में भी निर्धारित दर पर रहने का प्रबंध किया जाए। प्राण प्रतिष्ठा के दिन एयरपोर्ट पर 100 से अधिक जहाज आने की संभावना है। इनके डायवर्जन की व्यवस्था की जाए। सुरक्षा के लिए जोनवार वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अतिरिक्त फोर्स की तैनात की जाए। एसटीएफ व एटीएस की कैंपिंग कराई जाए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें