अयोध्या। अब आप किसी भी कीमत का ई-स्टांप खरीद सकते हैं। अब तक यह सुविधा केवल सौ रूपये से ऊपर के ई-स्टांप के लिए लागू थी। इसके साथ ही ही ई-स्टांप की बिक्री के लिए कंप्यूटर चलाने वाले युवाओं को लाइसेंस भी दिया जा रहा है। ई-स्टांप की इस व्यवस्था से सरकार को करोड़ों रूपये का लाभ होने के साथ ही जालसाजी से भी निजात मिलेगी।
प्रदेश सरकार ने ई-स्टांप व्यवस्था लागू की है। अब तक इस व्यवस्था के तहत सौ रूपये से अधिक के स्टांप की ही बिक्री की जाती थी लेकिन अब किसी भी कीमत के ई-स्टांप खरीदे जा सकते है। जिले में भी इसकी व्यवस्था लागू कर दी गई है। इस व्यवस्था से सरकार के करोड़ों रूपये छपाई के बचेंगे।
साथ ही स्टांप के जरिए की जाने वाली जालसाजी से भी आम आदमी को निजात मिलेगी। पुराने स्टांप तभी तक बिकेंगे जब तक कोषागार में इनकी उपलब्धता है। ई-स्टांप बिक्री के लिए सरकार नए युवाओं को लाइंसेस भी प्रदान कर रही है।
इसके तहत अब तक जिले के सदर तहसील में चौर, सौहावल में दो, रुदौली में दो, मिल्कीपुर में तीन और बीकापुर में चार ऐसे युवाओं को लाइसेंस प्रादन किया गया है जो कंप्यूटर चला सकते हैं। नई व्यवस्था से युवाओं को रोजगार भी मिलेगा।
जिले में ई-स्टांप व्यवस्था लागू कर दी गई है। अब तक सौ रूपये से ज्यादा की धनराशि वाले ई-स्टांप की बिक्री होती थी लेकिन अब किसी भी कीमत के ई-स्टांप खरीदे जा सकते हैं। इसमें सौ रूपये से कम दाम के स्टांप भी शामिल हैं।
- एमके मिश्र, आईजी स्टैंप अयोध्या