बताया जा रहा है कि अब तक मंडल में 58 करोड़ रुपये के सापेक्ष लगभग साढ़े आठ करोड़ रुपये वसूले जा चुके हैं। वसूली के लिए तहसील प्रशासन का भी सहयोग मिलने लगा है।
इससे जल्द अधिक वसूली हो जाने की उम्मीद जताई जा रही है। वैसे, मंडलीय अफसर भी नियमित बैठकें कर समीक्षा कर रहे हैं। फैजाबाद मंडल में करीब सात दर्जन राइस मिलरों ने चार धान खरीद सत्रों 2011-12, 12-13, 13-14 व 14-15 का करीब 30,695.44 मीट्रिक टन सरकारी चावल (सीएमआर) दबा लिया है।
राइस मिलरों के पास बकाया चावल की कीमत 57 करोड़ 88 लाख 49 हजार 946 रुपये है। बकाया सीएमआर की वसूली के संबंध में विभाग से कार्रवाई होने पर कोर्ट जाने वाले राइस मिलरों की अर्जी खारिज हो गई थी।
इसके बाद शासन ने खाद्य विभाग से बकाया सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) के सापेक्ष शत-प्रतिशत धन वसूली करने का आदेश दिया है। डेढ़ महीने से लगातार राइस मिलरों से धन की वसूली कराई जा रही है।
बकाएदार मिलरों को आरसी भी जारी हुई है, पर तहसील प्रशासन का सहयोग न मिलने से वसूली तेज नहीं हो पा रही थी। बताते हैं कि कुछ दिन पूर्व प्रमुख सचिव खाद्य ने समीक्षा बैठक में अफसरों के पेंच कसते हुए सभी संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ वसूली न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
इसी के बाद से जिलों में बकाया चावल के सापेक्ष धन की वसूली तेज हो गई है। बताया जा रहा कि अब तक फैजाबाद मंडल में 58 करोड़ के सापेक्ष लगभग आठ करोड़ 34 लाख रुपये वसूले जा चुके हैं। इसकी पुष्टि करते हुए संभागीय खाद्य विपणन अधिकारी राजीव कुमार मिश्र ने बताया कि नियमित समीक्षा कर वसूली में तेजी की कोशिशें जारी हैं।