अयोध्या। अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) पीएसी केएस प्रताप कुमार मंगलवार को अयोध्या पहुंचे और रामजन्मभूमि सहित कई स्थानों का निरीक्षण किया।
राममंदिर निर्माण के साथ ही रामजन्मभूमि परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को भी हाईटेक करने का काम किया जा रहा है। अयोध्या में पीएसी बटालियन की भी स्थापना की जानी है। इसको लेकर डाभासेमर में 19 एकड़ जमीन भी आवंटित की जा चुकी है।
एडीजी पीएसी केएस प्रताप कुमार ने डाभासेमर स्थित जमीन का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने रामजन्मभूमि की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही पीएसी कैंपों का भी निरीक्षण कर सुविधाएं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने पीएसी कैंपों में प्रकाश व सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर देने को कहा। कई कैंपों में लगे पुराने कूलरों को भी बदलने का निर्देश दिया गया। एडीजी पीएसी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर रामजन्मभूमि सहित संपूर्ण अयोध्या की सुरक्षा को लेकर भी मंथन किया।
इस दौरान आईजी रेंज अयोध्या कवींद्र प्रताप सिंह, एसएसपी शैलेश पांडेय, एसपी सुरक्षा पंकज पांडेय, सहायक पुलिस अधीक्षक पलास बंसल, सीओ अयोध्या आरके चतुर्वेदी सति अन्य मौजूद रहे।