अयोध्या। पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत भदरसा के पिपराताल मुहल्ले के पास वाहन सवार बदमाशों ने बाइक सवार युवक पर हथौड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी। जबकि उसका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया।
वारदात को अंजाम देकर भाग रहे दो आरोपियों को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच की। परिवारीजनों ने 12 बीघा खेत पर बोई गई सरसों को हत्या की वजह बताया है।
पूराकलंदर थाना क्षेत्र के पारा कैल निवासी सूर्य प्रकाश दुबे उर्फ सूरज दुबे (45) पुत्र राम बहोर दुबे सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे अपने भतीजे अखंड प्रताप दुबे (20) के साथ बाइक से अयोध्या स्थित कचहरी जाने के लिए घर से निकला था।
गांव से कुछ ही दूर नगर पंचायत भदरसा मजरे पिपराताल मोहल्ले के निकट विपरीत दिशा में जा रहे एसयूवी सवार बदमाशों ने उसे टक्कर मारकर नाले में गिरा दिया। इसके बाद वाहन से उतरकर तीन लोगों ने हथौड़े से सूर्यप्रकाश दूबे के ऊपर हमला कर दिया।
इससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। वहीं, बचाव में दौड़े उनके भतीजे अखंड प्रताप दुबे पर भी बदमाशों ने हमला किया, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। भतीजे की गुहार पर दौड़े लोगों को आता देख बदमाश वाहन पर बैठकर फरार हो गए।
वारदात को अंजाम देकर एसयूवी सवार बदमाश भागने लगे। ग्रामीणों ने इनका पीछा किया तो कुछ दूरी पर एसयूवी छोड़कर बदमाश खेत में भागने लगे।
बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के काजी सराय के निकट विनायकपुर गांव के पास इनमें से दो बदमाशों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर पहुंची पूराकलंदर पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में ले लिया और दोनों आरोपियों को ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले कर दिया।
पकड़े गए हमलावरों की पहचान पूरा कलंदर निवासी दिनेश कुमार यादव और कैंट थाना क्षेत्र के मऊ शिवाला निवासी रामकुमार वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों घायलोें को जिला अस्पताल भेजवाया।
जहां चिकित्सकों ने सूर्यप्रकाश को मृत घोषित कर दिया और भतीजे अखंड का इलाज चल रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय, एसपी सिटी विजयपाल सिंह, सीओ अयोध्या आरके चतुर्वेदी आदि पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और वारदात की जांच की।
एसएसपी ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। एसएसपी ने बताया कि कार सवार बदमाशों ने लाठी व हथौड़े से कूंचकर युवक की हत्या की है।
ग्रामीणों ने दौड़ाकर दो आरोपियों को पकड़ लिया है, उनसे पूछताछ की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था बनाने के लिए कई थानों की फोर्स व पीएसी को गांव में तैनात किया गया है।
वारदात के पीछे जमीन के विवाद की बात सामने आ रही है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस व एसओजी को लगाया गया है। युवक की हत्या के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वारदात के पीछे 12 बीघा परती जमीन पर सरसों बोना वजह बताई जा रही है।
बेटी मानसी (20), निशी (12), बेटा पूर्ण प्रकाश दूबे व पत्नी मंजू रोते-रोते बदहवास हो जा रही हैं। बेटियों का कहना है कि जिसका अंदेशा था, आखिरकार वही हुआ। कहा कि मेहरबान का पुरवा निवासी रामसुधार यादव से विवाद चल रहा था।
12 बीघा परती खेत पर बोई गई सरसों पापा के लिए काल बन गई। उन्हें पहले से ही अनहोनी का अंदेशा था, इसीलिए कहीं भी जाते थे तो भैया को साथ लेकर जाते थे। हालांकि, पुलिस ने अभी तक तहरीर न मिलने के कारण केस नहीं दर्ज किया है।