गोसाईगंज। थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये की धोखाधड़ी करने की शिकायत एसएसपी से की गई है। रविवार को एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में क्षेत्र की एक युवती ने गांव के ही तीन लोगों पर नौकरी दिलाने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने आरोपियों पर एक फर्जी कंपनी का नियुक्ति पत्र देने, तीन माह तक लखनऊ में काम करवाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वेतन और दिए रुपये वापस मांगने पर अब जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
पीड़िता के पिता रामनरेश यादव ने बताया कि सप्ताह भर दौड़ लगाने के बाद भी इलाकाई पुलिस मुकदमा दर्ज नहीं कर रही है। शनिवार को गोसाईगंज कोतवाली में शिकायत करने के बाद भी मामले में रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई। रविवार को एसएसपी के पास पहुंची रामनरेश की पुत्री सीमा यादव (23) निवासी रामपुर बुजुर्ग बेनवा ने बताया कि महाराजगंज थाना क्षेत्र के मडियंवा के रितिक यादव, अरुण व राजेश यादव ने नौकरी दिलाने के नाम पर दो किश्तों में एक लाख इक्यावन हजार रुपये लिए थे। नौकरी लगने के बाद सैलरी के नाम पर प्रत्येक माह सात हजार रुपये दिलाने की बात कही थी। युवती ने बताया कि तीनों लोगों ने बिरहुअल वर्ल्ड इंटरनेशनल लखनऊ हिंदनगर के डायरेक्टर हरिवंश राम वर्मा के हस्ताक्षरयुक्त ज्वाइनिंग लेटर उसको चार अक्तूबर 2013 को दिया। लखनऊ के अलीगंज में एक छोटे से कमरे में तीन माह तक सुबह साढ़े 10 बजे से साम साढे़ पांच बजे तक काम भी लिया गया। पहली तनख्वाह तीन महीने बाद मिली। बाद में पूरी तनख्वाह मांगने पर धोखाधड़ी और फर्जी नियुक्ति का पता चला। इसके बाद पैसा वापस मांगने पर तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। मामले में एसएसपी केबी सिंह ने महाराजगंज थानाध्यक्ष को कार्रवाई का निर्देश दिया है।