अयोध्या। धर्मनगरी के भीड़-भाड़ वाले चौराहे हनुमानगढ़ी पर एक गरीब मजदूर बीमारी से तड़पता रहा। लगभग आधे घंटे तड़पने के बाद मजदूर को कुछ लोगों ने एंबुलेंस बुला श्रीराम अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मानवीय संवेदनहीना को तार-तार करने वाली घटना शुक्रवार की दोपहर लगभग एक बजे हुई।
हनुमानगढ़ी चौराहे पर शुक्रवार की दोपहर बैरियर पर दो पुलिस कर्मी, तीन यातायात पुलिस कर्मियों की तैनाती रही। श्रद्धालुओं व आम लोगों की भीड़ यहां से हर पल गुजरती रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार बहराइच जिले के पयागपुर थाना क्षेत्र के असयला निवासी 30 वर्षीय कल्पराम पासी नगरी में मजदूरी कर गुजर-बसर करता है। दोपहर लगभग एक बजे वह दवा लेने के लिए चौराहे के बैरियर से निकल रहा था इसी दौरान चक्कर खाकर नाली में गिर कर तड़पने लगा। लगभग 15 मिनट तक वह नाली में तड़पता रहा और पुलिस कर्मी व लोग उसे देखते रहे, किसी ने उसे बाहर निकाल अस्पताल पहुंचाने की जहमत तक नहीं उठाई। किसी ने एंबुलेंस सेवा को फोन किया तो 15 मिनट बाद पहुंची एंबुलेंस उसे श्रीराम अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष रामजन्मभूमि ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिवारीजनों को सूचना दे दी गई है।