पॉलीथिन के इस्तेमाल पर छह दुकानों से 30 हजार जुर्माना वसूला
अयोध्या। नगर निगम के प्रवर्तन दल ने शनिवार को अयोध्या में पॉलीथिन के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान छह दुकानों पर पॉलीथिन का प्रयोग करते पाए जाने पर उनका चालान करके 30 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
वहीं हनुमानगढ़ी इलाके में कार्रवाई करने पहुंचे प्रवर्तन दल को दुकानदारों के विरोध का सामना करना पड़ा। इस पर टीम दुकानदारों को चेतावनी देकर लौट गई।
प्रवर्तन दल के अधिकारी रिटायर्ड कर्नल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि पूर्व में शहर में एनाउंसमेंट कर लोगों से पॉलीथिन का प्रयोग नहीं करने की अपील की गई थी। इसके बाद अब कार्रवाई की जा रही है। बताया कि शनिवार को अयोध्या के मुख्यमार्ग पर दुकानों की चेकिंग की गई।
इस दौरान छह दुकानों पर पॉलीथिन का प्रयोग करते पाया गया। इन दुकानों का चालान करते हुए 30 हजार रुपये जुर्माना मौके पर ही वसूला गया। बताया कि हनुमानगढ़ी इलाके में दुकानदारों ने एकत्र होकर पॉलीथिन का प्रयोग नहीं करने की बात कही।
इस पर उन्हें चेतावनी दी गई कि भविष्य में पॉलीथिन का प्रयोग करते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। रिटायर्ड कर्नल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि अब तक छह दिन की कार्रवाई में तीन लाख 13 हजार रुपये जुर्माना वसूला जा चुका है।
उन्होंने लोगों से पर्यावरण के हित में पॉलीथिन का प्रयोग नहीं करने की अपील की। इस मौके पर उनके साथ नगर निगम के स्वास्थ्य निरीक्षक सदानंद गुप्त व प्रवर्तन दल में शामिल रिटायर्ड सैन्यकर्मी व होमगार्ड के जवान मौजूद रहे।