अयोध्या। जिले में कोरोना संक्रमण तीव्र गति से फैल रहा है। गुरुवार को जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज दर्शननगर, जिला महिला अस्पताल के डॉक्टर, लैब टेक्नीशियन समेत 87 पॉजिटिव पाए गए हैं।
सक्रिय मरीज 438 हो गए हैं। संक्रमित मिले सभी मरीजों को सामान्य लक्षण होने के कारण होम आइसोलेट कराया गया है। सीएमओ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को 4470 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई।
जिसमें महिला अस्पताल का एक डॉक्टर, दो लैब टेक्नीशियन, जिला अस्पताल के दो लैब टेक्नीशियन, मेडिकल कॉलेज दर्शननगर का एक डॉक्टर संक्रमित मिले हैं। मंडल कारागार में दो पॉजिटिव मिले हैं।
इसके अलावा गुरुवार की रिपोर्ट में सिविल लाइन, बीकापुर के नुआवां में तीन-तीन, कोतवाली नगर, नाका बाईपास, मसौधा चीनी मिल, कोटसराय, शिव नगर कॉलोनी, गोसाईगंज, मिल्कीपुर, पूरा ब्लॉक के रामपुर सरधा, सरायरासी, सोहावल ब्लॉक के बरौली में दो-दो संक्रमित मिले हैं।
सहादतगंज, महाजनी टोला, कंधारी बाजार, अंगूरी बाग, गांधी नगर नाका, लालकुर्ती, खवासपुरा, हनुमानगढ़ी, रिकाबगंज, मकबरा, हनुमत नगर, कनक भवन, लाजपत नगर, लालबाग, नयाघाट, दीनबंधु अस्पताल के पास, नियावां चौराहा, जनौरा, प्रमोदवन, पुष्पराज, रेलवे कॉलोनी, रानोपाली, शास्त्री नगर सहित अन्य जगहों पर एक-एक पॉजिटिव मिला है।
सभी मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। वहीं, आइसोलेशन का समय पूरा करने के बाद 20 मरीजों को आइसोलेशन से छुट्टी दी गई है।