कक्षा एक से आठ तक के सभी स्कूल आज बंद
अयोध्या। बदली के साथ सर्द हवा और हल्की बारिश से मंगलवार को दिन भर ठंड से लोग कांपते नजर आए। वहीं, दूसरी तरफ जब बच्चे स्कूल पहुंच गए तब प्रशासन ने बंदी का आदेश जारी किया।
आदेश सुबह सवा नौ बजे वायरल हुआ, तब तक जिले के अधिकांश स्कूल खुल चुके थे। कांपते हुए स्कूल जाने को मजबूर हुए बाद में छुट्टी की सूचना पर कई स्कूलों से लौटते दिखे।
जिलाधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने बढ़ती ठंड के मद्देनजर आज (बुधवार को) सभी बोर्ड के कक्षा एक से कक्षा आठ तक के स्कूल बंद रखने के आदेश दिए हैं।
जिले वासियों की मंगलवार के दिन की शुरूआत कोहरे की चादर के साथ हुई। बाद में अधिकतम 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से सर्द हवा चली जिसके चलते ठिठुरन बढ़ गई। दिन में बूंदाबांदी व शाम को हल्की बारिश के चलते दिन के तापमान में गिरावट रही।
वहीं, जिलाधिकारी के स्कूल बंद करने के आदेश को लेकर स्कूलों में संशय की स्थिति रही। डीएम का आदेश जब तक वायरल हुआ तब तक अधिकांश स्कूल खुल चुके थे। जिसको लेकर कई स्कूल तो अचानक बंद किए गए लेकिन कई स्कूल खुले भी रहे।
नगर शिक्षा अधिकारी संजय गुप्ता ने बताया कि स्कूल बंद करने का आदेश मिलते ही तत्काल सूचना प्रसारित की गई थी। जिलाधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने आज (बुधवार को) सभी बोर्ड के कक्षा एक से आठ तक के स्कूल बंद रखने के आदेश दिए हैं।
नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि 23 से 27 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश में मध्यम से घने बादल छाय रहने तथा 23, 24, 26 व 27 जनवरी को हल्की वर्षा होने की संभावना है। हवा सामान्य से तेज गति से चलने की संभावना है।
वहीं पूराकलंदर थाना क्षेत्र के रानी बाजार इलाके में अपनी बेटी के घर आई वृद्धा सोमवार रात बीमार हो गई। मंगलवार सुबह दामाद द्वारा एंबुलेंस से सीएचसी मसौधा लाया गया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका जगपता के दामाद करन ने बताया कि सोमवार रात्रि उन्हें ठंड लगने की बात कही। मंगलवार सुबह एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी मसौधा लाया गया जहां डॉ. दिनेश वर्मा ने मृत घोषित कर दिया।
डॉ. दिनेश वर्मा का कहना है कि परिवारीजनों ने ठंड लगने से बीमार होने की बात बताई है। बगैर जांच ठंड लगने से हुई मौत की पुष्टि नहीं की जा सकती।