अयोध्या। अवध विश्वविद्यालय प्रशासन ने 22 मई को होने वाली पीएचडी प्रवेश परीक्षा की तैयारियों को लेकर अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। विश्वविद्यालय ने अयोध्या जनपद में सात परीक्षा केंद्र बनाए हैं। इसमें विश्वविद्यालय परिसर के चार व झुनझुनवाला महाविद्यालय, केटी पब्लिक व भवदीय पब्लिक स्कूल शामिल है। इन केंद्रों पर 42 विषयों में 4,299 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रवेश परीक्षा सभी केंद्रों पर सुबह 10 बजे से 12 तक होगी।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह के निर्देश पर पीएचडी प्रवेश समन्वयक प्रो. फारूख जमाल ने बताया कि प्रवेश परीक्षा की तैयारियां अंतिम दौर में है। इसके लिए जनपद के सात परीक्षा केंद्रों का निर्धारण कर दिया गया है। बताया कि पीएचडी प्रवेश में कुल 4,612 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं जिसमें 313 अभ्यर्थियों को प्रवेश परीक्षा के नियमानुसार औपबंधित छूट दी गई है।
उन्होंने बताया कि पंजीकृत अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए विश्वविद्यालय की साइट पर जाकर प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा के दिन प्रवेश-पत्र के साथ एक पहचान-पत्र पास रखना होगा। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थियों को एक घंटा पूर्व निर्धारित केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है।