नगर विधायक ने सबसे ज्यादा खर्च किए 81.17 लाख
फैजाबाद। जिले की पांचों विधानसभा सीट पर सत्तारूढ़ दल भाजपा के विधायक हैं। इनकी विधायक निधि की बात की जाए तो इनमें अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने सर्वाधिक खर्च किया है। बीकापुर व मिल्कीपुर विधायक ने सबसे कम खर्च किया है। निधि खर्च करने वालों में दूसरे स्थान पर रुदौली विधायक रामचंदर यादव रहे हैं। जबकि तीसरे नंबर पर गोसाईगंज विधायक इंद्रप्रताप तिवारी का नाम है। सभी विधायकों का दावा है कि 31 मार्च से पहले वे खर्च प्रस्ताव भेज देंगे।
विधानसभा निधि खर्च
अयोध्या 171.07 लाख 81.17 लाख
रुदौली 156.28 लाख 70.74 लाख
गोसाईगंज 155.28 लाख 46.15 लाख
मिल्कीपुर 150.64 लाख 2.00 लाख
बीकापुर 160.13 लाख 1.25 लाख
विधानसभा-अयोध्या
अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्त ने नए 1.50 करोड़ व पुराने 21.07 लाख को मिलाकर कुल 171.07 करोड़ में से फरवरी माह तक 81.17 लाख रुपये खर्च किए है। अपनी उपलब्धियों के बारे में वो बताते हैं कि अयोध्या के विकास के लिए सीएम द्वारा घोषित 133 करोड़ के साथ-साथ उन्होंने पूर्वांचल निधि से 98 लाख भी स्वीकृत कराकर खर्च कराया है।
दावा...
आगामी वर्ष की योजनाओं के बारे में कहते हैं कि 140 करोड़ के प्रोजेक्ट से अयोध्या समेत पंचकोसी परिक्रमा मार्ग को अंडर ग्राउंड बिजली वायरिंग व इसके उपरांत सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए 76 करोड़ रुपये स्वीकृत हो गए है। इसके साथ पौराणिक स्थलों में सूर्यकुंड व दशरथ समाधि का भी सुंदरीकरण भी किया जाएगा।
गोसाईगंज विधानसभा
भाजपा विधायक इंद्रप्रताप तिवारी खब्बू भी विधायक निधि खर्च को लेकर सजग हैं। हालांकि उन्होंने फरवरी माह तक महज 46.15 लाख ही खर्च किए है। उन्होंने अपने व सीएम कोष से करीब 204 लोगों को चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई है। करीब 250 सड़कों की मरम्मत कराई। पिपरी-रामपुरभगन-नंसा बाजार से चन्हा चौराहा तक की 14 किमी. सड़क का निर्माण कराया। हाजीपुर माझा, वंदनपुर व गोहनिया में सड़क निर्माण कराया गया है। साथ ही धारुपुर व सरायखरगी गांव में कान्हा गोशाला का निर्माण हुआ है।
दावा...
अगले साल की योजनाओं के बारे में बताते हैं कि गोसाईगंज सीएचसी को ट्रॉमा सेंटर बनाना, आईटीआई, पॉलीटेक्निक व फायर स्टेशन का निर्माण कराना उनका लक्ष्य है। करीब 200 करोड़ की लागत से सड़कों का निर्माण का प्रोजेक्ट भेजा गया है, जिसके जल्द ही स्वीकृत होने की उम्मीद है।
विधानसभा बीकापुर
विधायक निधि खर्च करने के मामले में बीकापुर की विधायक शोभा सिंह चौहान सबसे पीछे रहीं हैं। उन्होंने फरवरी माह तक मात्र 1.25 लाख रुपये ही खर्च किए हैं। उनका कहना है कि करीब एक करोड़ की लागत से विकास कार्यों की सूची भेजी गई है, जो जल्द ही पास हो जाएगी। इस वर्ष उनका लक्ष्य रहा कि हैरिग्ंटनगंज व बीकापुर ब्लॉक का विकास किया जाए, इसके लिए 19 प्रोजेक्ट प्रस्तावित है, जिसके आवंटन की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा सोहावल-दौलतपुर से धर्मपुर व दुधौलिया में सड़क का निर्माण शुरू होने जा रहा है। इसके अलावा नहर की पटरियों को भी दुरुस्तीकरण कराया जा रहा है।
दावा...
शोभा सिंह अपने आगामी वर्ष के प्रोजेक्ट के बारे में बतातीं हैं कि जिले के जिन गांवों में बिजली नहीं पहुंची है, उनका सर्वे कराया गया है। वहां जल्द ही विद्युतीकरण कराया जाएगा। टूटी पुलिया, क्षतिग्रस्त सड़कों व संपर्क मार्गों का निर्माण कराया जाएगा।
विधानसभा रुदौली
भाजपा विधायक रामचंदर यादव ने फरवरी माह तक अपनी विधायक निधि डेढ़ करोड़ में से 70.74 लाख रुपये खर्च किए हैं। वे बताते हैं कि इनमें संपर्क मार्गों के लिए 67.40 लाख रुपये, चिकित्सीय सहायता के लिए 3.25 लाख शामिल हैं। शेष धनराशि से विकास कार्यों का प्रोजेक्ट बनाकर भेज दिया गया है। बताते हैं कि विधानसभा क्षेत्र में करीब दो दर्जन से अधिक गांवों में संपर्क मार्गों का निर्माण, नहर की पटरियों का निर्माण कराया जा रहा है। शेष बची धनराशि से गांवों में पेयजल के लिए हैंडपंप, स्कूलों के साथ-साथ ऐतिहासिक स्थलों का का सुंदरीकरण कराया जा रहा है।
दावा..
भाजपा विधायक रामचंदर यादव का दावा है कि आगामी साल में ग्रामीण इलाकों में पेयजल संकट दूर करना और सौर ऊर्जा के साथ ग्रामीण विकास के प्रोजेक्ट पर काम किया जाएगा। इसके अलावा विद्युत से वंचित गांवों में विद्युतीकरण व शत प्रतिशत गांवों को खुले में शौच मुक्त कराना लक्ष्य होगा।
विधानसभा मिल्कीपुर
भाजपा विधायक गोरखनाथ बाबा ने अपनी निधि में से मात्र दो लाख रुपये ही खर्च किए है। उनका कहना है कि करीब एक करोड़ से ऊपर के विकास कार्यों की सूची प्रस्ताव के साथ दी गई है। जिन पर जल्द ही स्वीकृत मिल जाएगी। कहा कि ग्राम्य विकास अभिकरण विभाग की देरी से प्रस्ताव स्वीकृति होने में विलंब हुआ है। बताया कि प्रस्ताव में गांवों में विद्युतीकरण, पेयजल, सड़क व संपर्क मार्ग के साथ-साथ कई अन्य योजनाएं शामिल है।
दावा...
अगले वर्ष सर्वप्रथम बिजली संकट के लिए विद्युत सब स्टेशन का निर्माण, पुलिया व छोटे पुलों का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा पंचायत, सामुदायिक भवन व स्कूलों के सुंदरीकरण पर भी काम किया जाएगा।