निधियांवा मोड़ के पास सुबह हुआ हादसा
बीकापुर (फैजाबाद)। बोल्डर लदे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि बाइक चला रहा दूसरा युवक घायल हो गया। हादसा शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे बीकापुर कोतवाली क्षेत्र में निधियांवा मोड़ के पास हाईवे पर हुआ।
सुल्तानपुर जिले के कूरेभार मीरापुर निवासी रामसूरत वर्मा और इसी थाना क्षेत्र के चांदपुर निवासी 25 वर्षीय जितेंद्र कुमार यादव एक ही बाइक से मोतीगंज बाजार जा रहे थे। बाइक जितेंद्र चला रहा था। चौरे बाजार में मोड़ के पास इलाहाबाद से फैजाबाद जा रहे ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दिया।
ट्रक में फंसकर रामसूरत की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक चला रहा जितेंद्र घायल हो गया, जिसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ट्रक चालक ने ट्रक ले जाकर चौरेबाजार पुलिस चौकी में खड़ा कर दिया।
चौकी प्रभारी शरद कुमार ने बताया कि मृतक रामसूरत के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक की पत्नी उर्मिला देवी ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया है। मृतक के परिवार में पत्नी उर्मिला के अलावा एक पुत्र तथा दो पुत्री हैं। मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया है ।