अयोध्या। अंतरराष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय द्वारा शैक्षिक कार्यक्रमों के अंतर्गत सीनियर वर्ग की चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। रामकथा विषय की इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों द्वारा मर्यादा पुरुषोत्तम राम के आदर्श चरित्र के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित चित्रों का अंकन किया गया जिसमें रामजन्म से लेकर उनकी बाल लीला, यज्ञ की रक्षा, ताड़का वध, अहिल्या उद्धार, धनुष यज्ञ, वन गमन, भरत मिलाप, सीता हरण, केवट प्रसंग, सीता की खोज, लंका दहन, सीता की अग्निपरीक्षा, राम रावण युद्ध आदि प्रसंग शामिल रहे।
प्रतियोगिता में स्नातक एवं परास्नातक कक्षाओं के कुल 79 विद्यार्थी सम्मिलित हुए। मुख्य अतिथि रुदौली विधायक रामचंद्र यादव रहे। प्रतियोगिता में साकेत महाविद्यालय के प्रेम यादव को प्रथम पुरस्कार, पाली कनौजिया को द्वितीय, ऋतिक प्रजापति को तृतीय, सपना चौधरी, श्रेया मिश्रा को सांत्वना पुरस्कार तथा अवध विवि की शिल्पी कनौजिया, अंकित सिंह एवं रोहन यादव को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
उप निदेशक रामकथा संग्रहालय योगेश कुमार द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया, संचालन मानस तिवारी ने किया। कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के अध्यक्ष नंदलाल पांडे, अमरीष श्रीवास्तव, रंगकर्मी सौमित्र मिश्र, रीमा सिंह, खलीक अहमद, राजेंद्र मिश्र सहित अन्य मौजूद रहे।