अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज
बीकापुर (फैजाबाद)। दुकान पर सामान खरीदने के बहाने पहुंचे एसयूवी सवार तीन बदमाशों ने दुकान पर मौजूद कर्मचारियों को झांसा देकर गल्ले में रखे 10 हजार रुपए निकाल लिये और भाग गए। पीड़ित दुकानदार ने शनिवार को अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कराया है।
कोतवाली क्षेत्र के मरुई सहाय सिंह निवासी राजीव कुमार सिंह की बिलारी माफी तिराहे पर सीमेंट तथा मोरंग की दुकान है। राजीव का आरोप है की शुक्रवार की दोपहर एसयूवी से उसकी दुकान पर तीन लोग आए और मौजूद कर्मचारी से पांच किलो सीमेंट मांगा।
कर्मचारी गोदाम में सीमेंट लाने के लिए पीछे चला गया, इसी दौरान बदमाशों ने मास्टर की से गल्ला खोल कर 10 हजार रुपये निकाल लिये। कर्मचारी के वापस आने पर बदमाशों ने कहा कि सीमेंट बाद में लेंगे और चले गए। बीकापुर कोतवाल ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।