तारुन। आबकारी विभाग की टीम ने शनिवार भोर तारुन थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सोनेडाड़ मे छापा मार 200 लीटर अवैध शराब बरामद की। साथ ही 100 क्विंटल लहन नष्ट किया।
अवैध शराब बेचने वाले तमसा नदी में कूद कर पूराकलंदर थाना क्षेत्र में भाग गए। इस मामले में नौ अज्ञात लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
आबकारी निरीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि चौकी गयासपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा सोनेडाड़ कच्ची शराब बड़े पैमाने पर बनाई जाती है।
बताया कि शनिवार सुबह करीब पांच बजे आबकारी उपनिरीक्षक राकेश कुमार टीम के साथ सोनेडाड़ पहुंचे और छापेमारी की। इस दौरान दो सौ लीटर कच्ची शराब बरामद हुई।
छापेमारी के समय बोरियों में नदी की तलहटी और झाड़ झंखाड़ में छिपाकर रखा 100 क्विंटल लहन नष्ट किया। इस दौरान नौ शराब की भट्ठियां धधकती मिलीं थीं। जिन्हें नष्ट करा दिया गया है। कारोबारी नदी में कूदकर दूसरी तरफ चले गए।