गन्ना तौल लिपिक के खिलाफ रिपोर्ट का आदेश
फैजाबाद। केएम शुगर मिल के गन्ना तौल क्रय केंद्र बिलहरघाट पर तैनात लिपिक सुधीर सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना करने का आदेश एसओ तारुन को दिया गया है।
ये आदेश एक किसान की पांच पर्चियों पर तौलाए गए गन्ने के 25 हजार रुपये हड़पने के मामले में एसीजेएम रवीश कुमार अत्री की कोर्ट से हुआ। मामले में 24 घंटे के अंदर रिपोर्ट दर्ज करके अनुपालन आख्या से दो दिन में कोर्ट को अवगत कराना है।
महराजगंज थाने के नारे गांव निवासी अशोक कुमार सिंह ने 12 मार्च 2017 को केएम शुगर मिल की ओर से स्थापित गन्ना क्रय केंद्र बिलहर घाट पर अपना गन्ना तौलाया था। वहां तैनात तौल लिपिक तारुन कस्बा निवासी सुधीर सिंह को गन्ना तौलने के लिए दिया।
जिन पर्चियों पर गन्ना तौला गया वह नारे गांव की प्राणमती, मर्यादा देवी, अमित कुमार, कांति व वेद कुमार के नाम से थीं। गन्ना तौलने के बाद लिपिक ने दो दिन में भुगतान करने का आश्वासन दिया।
दो दिन बाद तगादा करने पर भी भुगतान नहीं होने पर अशोक ने थाने में शिकायत की। इस पर पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर समझौता हुआ। इसमें 20 मार्च 2017 तक रुपये देने की बात कही गई।
20 फरवरी 2017 को अशोक तगादा करने गए तो रकम मिलने के बजाय उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। इस पर उन्होंने कोर्ट में अर्जी देकर गुहार लगाई। जिस पर कोर्ट ने तारुन थाना प्रभारी को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है।