अब राम मंदिर नहीं बनेगा तो कब बनेगा : संजय
अयोध्या। शिवसेना के राष्ट्रीय प्रवक्ता व सांसद संजय राउत ने कहा कि केंद्र में मोदी और प्रदेश में योगी सरकार है, अब राममंदिर नहीं बनेगा तो कब बनेगा। कहा कि अब कानून की लड़ाई बंद कर सरकार को मंदिर बनाने का मार्ग प्रशस्त करना चाहिए।
राज्यसभा सांसद संजय राउत गुरुवार को सबसे पहले रामनगरी में रामलला व हनुमानगढ़ी के दरबार में माथा टेका, फिर श्री रामजन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास से आशीर्वाद लिया। उन्होंने सरयू तट स्थित परमहंस की समाधि स्थल पर भी पुष्पांजलि अर्पित की।
बाद में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जिस प्रकार अमरनाथ यात्रियों पर हमला हुआ वह द्रवित करने वाला है, इतना होने के बावजूद भी हम चुप हैं। कश्मीर बचाने व आतंकवाद को खत्म करने व पाकिस्तान को सबक सिखाने के लिए मोदी को एक दिन के लिए हिटलर बनना होगा।
राउत ने कहा कि देश में जीएसटी लागू हुआ, लेकिन कश्मीर में नहीं... आखिर क्यों। उन्होंने कहा कि मोदी एक मजबूत प्रधानमंत्री हैं, देश की आखिरी आस हैं, यदि मोदी नहीं कर पाए तो कोई भी नहीं कर पाएगा।
इस दौरान शिवसेना के राज्य प्रमुख ठाकुर अनिल सिंह, उत्तर भारत प्रभारी विनय शुक्ला, प्रदेश सचिव अनिरुद्ध देव त्रिपाठी, महेश तिवारी, अभय द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में शिवसेना कार्यकर्ता मौजूद रहे।