रामनगरी में संत-धर्माचार्यों के साथ मुस्लिम समुुदाय ने मनाया जश्र
अयोध्या। भारतीय सेना द्वारा किए गए एयर स्ट्राइक के बाद रामनगरी खुशी से झूम उठी। संत-धर्माचार्यों के साथ मुस्लिम समुुदाय ने भी जश्न मनाया। बिड़ला धर्मशाला से नयाघाट तक जुलूस निकालकर लोगों ने भारत माता की जय, हिंदुस्तान जिंदाबाद, जय हिंद, जय हिंद की सेना...आदि नारे लगाए।
महंत परमहंस दास ने कहा कि पाकिस्तान को सबक सिखाना बहुत ही जरूरी थी। प्रधानमंत्री ने पूरे विश्व को यह दर्शा दिया है कि जो भी भारत की तरफ कुदृष्टि डालेगा उसका यही हश्र होगा। महंत राजूदास ने कहा कि पाकिस्तान को विश्व के नक्शे से ही मिटा देना चाहिए। बबलू खान ने कहा कि पाकिस्तान आतंकियों का अड्डा नहीं बल्कि पूरा आतंकी देश बन गया है।
एक आतंकवादी को चुन-चुनकर मारने की आवश्यकता है। संतोष दुबे ने भी एयर स्ट्राइक की सराहना करते हुए कहा कि पाकिस्तान का नामोनिशान मिटाने की जरूरत है। तिरंगा यात्रा में अदनान खान, खालिद अहमद, मो.मेंहदी सहित अन्य शामिल रहे। हनुमानगढ़ी चौराहे पर बालकृष्ण वैश्य, नंदलाल गुप्ता, सुफलचंद्र मौर्य आदि ने मिठाईयां बांटकर हर्ष व्यक्त किया।
महंत शशिकांत दास, श्रीकांत द्विवेदी, हेमंत पांडेय, निरंकार पाठक, अभय यादव, अश्विनी गुप्ता आदि ने सरयू आरती कर भारतीय सेना के शौर्य में वृद्धि करने की कामना मां सरयू से की। सिद्धपीठ नाका हनुमानगढ़ी में एयर स्ट्राइक में जवानों के वीरता के लिए हवन पूजन व अनुष्ठान किया गया। महंत रामदास ने कहा कि आतंकवादियों के आकाओं का नाश होना जरूरी है।
अयोध्या के रायगंज मोहल्ले में पार्षद अभय श्रीवास्तव के नेतृत्व में वैभव तिवारी, संजय पांडेय, सनक गुप्ता, जेपी पाठक, अवधेश यादव, आलोक निगम, पंकज श्रीवास्तव आदि ने जश्न मनाते हुए मिठाइयां बांटी। पार्षद ने कहा कि ये ऐतिहासिक कार्रवाई है जो आतंक के आकाओं को कड़ा सबक है। सिविल लाइन में भी नीरज चाय की दुकान पर धीरज यादव के नेतृत्व में मिठाइयां बांटी गई।