अलग-अलग इलाकों से लिए गए सैंपल
फैजाबाद। खाद्य विभाग की टीम ने जिले में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर दूध के पांच नमूने सील किए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश चौधरी ने बताया कि हैरिंग्टनगंज ब्लॉक के रेवतीगंज से जीत बहादुर के दूध कलेक्शन सेंटर से मदर डेरी को आपूर्ति किए जाने वाले दूध का सैंपल लिया गया, अनेक अव्यवस्थाएं मिलने पर सेंटर के मालिक को चेतावनी भी दी गई।
इसके बाद इनायतनगर 5 नंबर रोड से सुनील कुमार यादव के कलेक्शन सेंटर से दो नमूने दूध के लिए गए। यहां पर भी मदर डेरी को आपूर्ति करने के लिए दूध एकत्र किया जाता था। इसी तरह सरियांवा चौराहा से दूधिया संतोष यादव द्वारा बिक्री के लिए ले जाया जा रहा दूध का एक नमूना लिया गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी सम्राट श्रीवास्तव, सूर्यमणि, नीरज चौधरी आदि मौजूद रहे।