अयोध्या। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की यूपी बोर्ड परीक्षा में शनिवार को दोनों पालियों में 1004 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी। इनमें हाईस्कूल के 911 व इंटर के 93 विद्यार्थी शामिल रहे। प्रथम पाली में हाईस्कूल की गृह विज्ञान और इंटरमीडिएट की उर्दू, पंजाबी, गुजराती, सिंधी, मराठी व नेपाली आदि क्षेत्रीय भाषाओं की परीक्षा हुई। वहीं द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की लेखाशास्त्र (नया पाठ्यक्रम), बहीखाता तथा लेखाशास्त्र (पुराना पाठ्यक्रम) की परीक्षा संपन्न हुई।
अयोध्या मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक अरविंद कुमार पांडेय ने अपने मंडलीय सचल दल के साथ प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान जन समाज विद्यापीठ इंटर कॉलेज, दिगंबरपुर अयोध्या परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
वहीं, डीआईओएस राकेश कुमार ने अयोध्या के शिव दयाल सरस्वती इंटर कॉलेज तुलसीनगर अयोध्या समेत अन्य विद्यालयों का निरीक्षण किया। सभी जगह परीक्षाएं शुचिता व निष्पक्षता से होती मिलीं। डीआईओएस ने बताया कि अभी तक जिले में एक भी विद्यार्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करते नहीं पाया गया है।
मंडलीय कंट्रोल रूम मीडिया सेल प्रभारी राजेश कुमार शुक्ल ने बताया कि शनिवार को दोनों पाली की परीक्षा में अयोध्या मंडल में कुल 4323 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहें। इनमें जनपद अयोध्या में हाईस्कूल के 911, इंटर के 93, अंबेडकरनगर में हाईस्कूल के 775, इंटर के 110, सुलतानपुर में हाईस्कूल के 851, इंटर के 104, बाराबंकी में हाईस्कूल के 816, इंटर के 137 व अमेठी में हाईस्कूल के 504 व इंटर के 22 परीक्षार्थी शामिल हैं।
उप्र माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद, लखनऊ की संस्कृत बोर्ड की परीक्षा शनिवार से प्रारंभ हुई। इसके अंतर्गत प्रथमा तृतीय, पूर्व मध्यमा प्रथम, पूर्व मध्यमा द्वितीय तथा उत्तर मध्यमा प्रथम व उत्तर मध्यमा द्वितीय की परीक्षा होगी। जनपद अयोध्या में इस परीक्षा के लिए कुल 10 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 4994 छात्र परीक्षा देंगे। यह परीक्षा 21 अप्रैल को समाप्त होगी। प्रथम दिन की प्रथम पाली में कुल 2571 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी जिसमें 1856 विद्यार्थी उपस्थित रहे व 715 अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के दौरान व्यवधान उत्पन्न किए जाने पर जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने मनीराम इंटर कॉलेज मजनाई के प्रधानाचार्य को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा है। डीआईओएस ने बताया कि 25 मार्च को प्रथम पाली के दौरान उक्त विद्यालय द्वारा अपने विद्यालय के 16 छात्रों का विषय परिवर्तन करते हुए परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देने के लिए भेजा गया।
इससे परीक्षा के संचालन में कठिनाई हुई जबकि परिषद द्वारा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के समय स्पष्ट निर्देश दिए थे कि छात्रों के विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि न हो फिर भी आपके द्वारा विषय परिवर्तन किया गया। डीआईओएस ने इस संबंध में विद्यालय से स्पष्टीकरण मांगा है।