मुकदमे की तारीख पर चार दिन पहले कचहरी गया युवक अभी
तक घर नहीं आया है। संभावित जगह खोजबीन करने के बाद परिजनों ने अपहरण की
आशंका जताते हुए थाने में तहरीर दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की
जांच शुरू कर दी है।
ऊसराहार थाना क्षेत्र के अघीनी निवासी दिलीप
कुमार (26) पुत्र रामसिया खटीक 23 अक्तूबर को घर से इटावा न्यायालय में चल
रहे मुकदमे की तारीख पर गया था। जब शाम तक वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों
ने खोजबीन की। दिलीप के पिता रामसिया ने बताया उसके पुत्र की शादी डेढ़
साल पहले इकदिल क्षेत्र के कीरतपुर गांव की युवती से हुई थी।
शादी
के 39 दिन बाद ही पत्नी अपने मायके चली गई और फिर वापस नहीं आई। दंपति के
बीच विवाद का मामला न्यायालय में चल रहा है। मामले को लेकर कई बार दिलीप को
जान से मारने की धमकी दी जा चुकी है। 23 अक्तूबर को दिलीप इसी मामले में
न्यायालय गया था। मगर चार दिन बीतने के बाद भी वापस नहीं लौटा।
रिश्तेदारी
में भी सब जगह पता कर लिया मगर उसका कोई पता नहीं चला। रामसिया ने अपने
पुत्र के अपहरण की आशंका व्यक्त की है। घटना की सूचना उसने ऊसराहार थाने
में दी, गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।