पंचायत चुनाव के चौथे और अंतिम चरण के मतदान के लिए
जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। दूसरे चरण के
मतदान में हुई गड़बड़ियों से सीख लेते हुए प्रशासन सतर्क है। अंतिम चरण में
बीहड़ांचल क्षेत्र के महेवा ब्लाक में मतदान होना है, जो की जिले का सबसे
बड़ा ब्लाक है।
प्रशासन ने इस अंतिम चरण के मतदान पर निगरानी के लिए 58 क्लस्टर मोबाइल तथा 18 एसओ भ्रमण पर रहेंगे।
अंतिम चरण का मतदान 29 अक्तूबर को होना है। इस चरण में जिला पंचायत सदस्य की महेवा ब्लाक की चार तथा चकरनगर ब्लाक की दो सीटों के लिए मतदान होना है।
इस क्षेत्र में क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए अधिकांश सीटों पर प्रत्याशी आमने-सामने हैं। यह दोनों ही ब्लाक बीहड़ांचल क्षेत्र से सटे हैं लिहाजा पुलिस को खासी तैयारी करनी पड़ रही है। दोनों ही ब्लाकों में कुल 250 मतदान केंद्र व 422 बूथ हैं। यह पूरा क्षेत्र सात थाना क्षेत्रों के अंतर्गत आता है।
इसमें इकदिल क्षेत्र में 15, बकेवर क्षेत्र में 120, लबेदी क्षेत्र में 33, चकरनगर क्षेत्र में 33, सहसों क्षेत्र में 25, भरेह में 9 तथा विठौली में 15 मतदान केंद्र हैं। मतदान के दिन 58 सेक्टर, 58 कलस्टर, 18 एसओ, 7 एकस्ट्रा मोबाइल, 9 जोनल मोबाइल, 9 एसडीएम व सीओ मोबाइल तथा दो अन्य मोबाइल टीमें भ्रमण पर रह कर मतदान केंद्रों की निगरानी करेंगे।