इटावा। कन्नौज निवासी युवक सात माह से इटावा से गायब हो गया। युवक की सास ने दामाद के साथ अनहोनी की आशंका जताकर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
राजोदेवी निवासी कटरा बाल सिंह ने सदर कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया। इसमें बताया कि उसका दामाद देशराज बाबू उर्फ लल्लू कन्नौज का रहने वाला है। दामाद की मानसिक हालत कमजोर है जिसके चलते वह उन्हें पिछले साल अपने घर ले आई थी। उसकी बेटी राधा और बच्चे कन्नौज में ही रह रहे थे।
पिछले साल आठ अगस्त को घर से कहीं जाते समय गायब हो गया था जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। थाने को दी गई सूचना की कोई सुनवाई न होने और काफी समय ढूंढने के बाद भी न मिलने पर तीन अक्टूबर 2025 को महिला ने एसएसपी से मिलकर शिकायत दर्ज कराई थी।
एसएसपी के आदेश पर नत्थू, मिठ्ठू, गुड्डू निवासी मड़ैया शिवनारायण रामलीला रोड, अभिमन्यु, लालाराम, उदयवीर निवासी फूलमती मंदिर नखासा कन्नौज के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि उसके दामाद के नाम कन्नौज जिले में दो बीघा जमीन है।
इस पर उपरोक्त व्यक्तियों को नजर थी जिसके चलते उन्होंने उसके दामाद को अगवा करने और किसी अनहोनी की आशंका जताई है। पुलिस ने सभी छह नामजदों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर मामले की जानकारी जुटाई जाएगी।