सैफई/बकेवर। पत्तल के रुपये मांगने पर गांव के ही पांच लोगों ने युवक को पीटकर मरणासन्न कर दिया था। गंभीर रूप से घायल युवक की सैफई अस्पताल में मौत हो गई। सोमवार को शव गांव पहुंचा तो आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हाईवे पर शव रखकर जाम लगाया। करीब एक घंटे तक हाईवे जाम रहा।
बकेवर थाना क्षेत्र ग्राम कुड़रिया निवासी सत्यवीर पुत्र गोविंद ने बताया कि गांव के ही सत्यवीर कठेरिया पुत्र भूरे कठेरिया ने उसके भाई राजू उर्फ राजकुमार (40) से खाना परोसने वाली पत्तल ली थी। राजू ने जब सत्यवीर कठेरिया से पैसे मांगे तो वह नाराज हो गया। 17 मार्च गुरुवार को जब उसका भाई राजू खेतों पर जा रहा था तो सत्यवीर कठेरिया और उसके भाई कल्लू, गौरव के अलावा संजू, सुमन देवी पत्नी संजू, अंकित कुमार पुत्र माधौ निवासी कुड़रिया ने उसे घेरकर हमला कर दिया।
राजकुमार के चीखपुकार मचाने पर भाई सत्यवीर, पिता गोविंद, मां रज्जो आये तो उन्हें पीटा। राजकुमार और भाई के अलावा मां और पिता थाने आए और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। सत्यवीर का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद वह घर लौट रहे थे तो कुड़रिया लिंक रोड पर पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने राजकुमार को घेर लिया और मारपीट की।
जब वह मरणासन्न हो गया तो उसे हाईवे के किनारे फेंक दिया और एंबुलेंस को फोनकर दिया कि कोई दुर्घटना में घायल पड़ा है। इस पर एंबुलेंस उसे जिला चिकित्सालय ले गई। डॉक्टरों ने राजकुमार की हालत गंभीर देखकर सैफई रेफर कर दिया। उपचार के दौरान सोमवार को सुबह उसकी मृत्यु हो गई।
सोमवार को शाम करीब पांच बजे शव पोस्टमार्टम के बाद जब गांव आया तो परिजन और तमाम ग्रामीण आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग को लेकर कुड़रिया गांव के सामने इटावा-कानपुर हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया।
जाम की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर सिंह मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर सीओ साधुराम भी पहुंच गए। काफी समझाने के बाद लोगों ने जाम खोला। हाईवे तकरीबन एक घंटे तक अवरुद्ध रहा। सीओ ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
औरैया-इटावा हाइवे पर जाम लगाए मृतक के परिजन- फोटो : ETAWAH
जाम लगाए परिजनों को समझाती पुलिस- फोटो : ETAWAH