इटावा। बस स्टैंड पर शनिवार तड़के एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। काफी प्रयासों के बाद शव की शिनाख्त बकेवर थानाक्षेत्र के वीरपुर निवासी संजय श्रीवास्तव (47) के रूप में हुई।
शनिवार सुबह करीब पांच बजे राहगीरों ने एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिनाख्त के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया और स्थानीय संपर्कों का सहारा लिया। भाई विजय श्रीवास्तव ने शव की शिनाख्त की। विजय ने बताया कि संजय की शादी नहीं हुई थी। वह अत्यधिक शराब पीने का आदी था और घर छोड़कर बस स्टैंड के आसपास ही गुजारा कर रहा था।
सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह ने बताया कि मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। डायल 112 पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया था। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।