ताखा। ऊसराहार थाना क्षेत्र के गड़िया पुरैला गांव में निमंत्रण में बुलाकर एक युवक के साथ मारपीट कर दी।आरोप है कि पुलिस की मुखबिरी करने के शक में करीब छह लोगों ने युवक को जमीन पर गिराकर लाठी-डंडों से पीटा। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों पर अंगूठी और चेन ले जाने का भी आरोप है। घायल को सरसईनावर के सरकारी अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
गड़िया पुरैला गांव निवासी कलेक्टर सिंह ने बताया उनका पुत्र प्रबल प्रताप सिंह उर्फ राजा 16 अक्तूबर की शाम 6ः30 बजे बिजनौरा गांव के शंभू दयाल के बुलाने पर निमंत्रण में शामिल होने गया था। आरोप है कि खाना खाने के बाद जैसे ही राजा खड़ा हुआ, वहां मौजूद करीब छह लोगों ने उसे पकड़कर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद पुलिस की मुखबिरी करने का आरोप लगाते हुए लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।
हमले में राजा को गंभीर चोटें आईं। कलेक्टर सिंह ने बताया कि घटना के दौरान कई लोग मौके पर मौजूद थे। मारपीट के बाद वह घायल बेटे को लेकर ऊसराहार थाने पहुंचे। पुलिस ने पहले उपचार कराने की सलाह दी, जिसके बाद उसे सरसईनावर स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि घायल को उपचार के लिए भेजा गया था। अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। फिर भी मामले की जांच की जा रही है।