इटावा। फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम सात बजे युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों ने बताया कि युवक शराब पीता था। पहले भी कई बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था।
फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के कुनैरा मोहल्ला निवासी 24 वर्षीय विक्रम सिंह पुत्र वीर सिंह का शव घर के कमरे में पंखे के कुंडे से लटका मिला। युवक ने जिस वक्त आत्महत्या की, उस समय मां और बहनें छत पर थीं। पिता काम पर गया था। कुछ देर बाद जब छोटी बहन नीचे आई तो विक्रम को फंदे से लटका देखा।
इसके बाद घर में चीख पुकार मच गई। आनन-फानन में पड़ोस में रह रहे चचेरे भाई लवकुश और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी। फ्रेंड्स कालोनी थाना पुलिस ने शव का नीचे उतारा। पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए शव को शवगृह में रखवाया।
चाचा अनूप कुमार ने बताया कि विक्रम कम उम्र से शराब पीने लगा था। कई बार समझाने पर भी उसने शराब पीना बंद नहीं किया था। पहले भी दो बार शराब के नशे में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था। पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और पल्लेदारी का काम करता था।