सिविल लाइन थानाक्षेत्र स्थित कांशीराम कालोनी में रविवार शाम को एक युवक ने पड़ोस की किशोरी पर अश्लील कमेंट कर दिया।
विरोध करने पर युवक ने परिजनों के साथ मिलकर किशोरी को पीट डाला। इससे क्षुब्ध होकर किशोरी ने फांसी लगा ली। परिजन उसे फंदे से उतारकर जिला अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कांशीराम कॉलोनी निवासी एक युवक ने बताया कि रविवार शाम को करीब पांच बजे उसकी 15 वर्षीय बहन घर में थी। तभी पड़ोसी युवक ने उस पर अश्लील कमेंट कर दिया। विरोध करने पर युवक ने परिजनों के साथ मिलकर बहन को पीट डाला।
इससे परेशान होकर वह कमरे में गई और फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मां जब काम से घर लौटी तो बहन का शव फंदे पर लटका मिला। मां व अन्य परिजन आनन-फानन बहन को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सिविल लाइन के कार्यवाहक थानाध्यक्ष अमान सिंह ने बताया कि परिजनों ने पड़ोसी युवक व उसके परिजनों पर मारपीट व किशोरी पर कमेंट करने का आरोप लगाया है। तहरीर लेकर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।