जसवंतनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव नगला कंहई के पास हाईवे पर बाइक से दामाद के साथ जा रही एक महिला गिर पड़ी। जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आ गई। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य सड़क हादसों में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहली घटना हाईवे पर गांव नगला कंहई के पास हुई। आगरा जिले के बासोंनी थाना क्षेत्र के गांव कुंअरखेड़ा निवासी उदय प्रकाश की पत्नी भगवान देवी (60) अपने दामाद राम सबल पुत्र राम शंकर निवासी कूकापुर चित्रहाट आगरा के साथ बाइक से रिश्तेदारी में जा रहीं थी। नगला कंहई के पास भगवान देवी अचानक बाइक से गिर पड़ीं। जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
दूसरी घटना भरथना थाना क्षेत्र के गांव बाहर पुरा के पास हुई। जहां बाइक से जा रहे शिवम पुत्र पप्पू निवासी मोतीगंज भरथना को बस ने टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गया। वहीं आईटीआई के पास पैदल जा रहे गौरव पुत्र अजय कुमार को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गया। उधर फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के सुल्तानपुरा के पास बाइक की चपेट में आने से सीता राम पुत्र लाला राम निवासी सुल्तान पुरा घायल हो गया। इसके अलावा सहसों के पास पैदल जा रहे धर्मेंद्र पुत्र रामरूप निवासी बंशरी को ट्रक ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।