जसवंतनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर छुट्टा जानवरों की आवाजाही रोकने के लिए शनिवार को लगाई जा रही स्टील की रेलिंग का विरोध आसपास के गांवों की महिलाओं ने किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए रेलिंग का काम पूरा कराया।
जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला के निर्देश पर इंसिडेंट मैनेजर सुनीत चौहान की देखरेख में नगला कन्हई गांव के सामने हाईवे किनारे स्टील की रेलिंग लगाई जा रही है, जिससे छुट्टा जानवर सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग पर न पहुंच सकें और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाई जा सके। शनिवार को जब रेलिंग लगाने का कार्य चल रहा था तो कुछ महिलाओं ने इसका विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि शुक्रवार देर रात लगाई गई कुछ रेलिंग को भी हटा दिया गया। मौके पर पहुंचकर जब महिलाओं ने इसका विरोध शुरू किया तो इंसिडेंट मैनेजर ने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। इस पर थानाध्यक्ष कमल भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही विरोध कर रही महिलाएं वहां से चली गईं। इसके बाद पुलिस की निगरानी में बैरिकेडिंग का कार्य पूरा कराया। पुलिस ने गांव के लोगों को बुलाकर समझाइश दी कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा संबंधी कार्य में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न करना या रेलिंग को नुकसान पहुंचाना कानूनन अपराध है। चेतावनी दी गई कि भविष्य में रेलिंग तोड़ने या सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने का प्रयास किया गया तो संबंधित लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।